खरगोन जिले से न्यूज़ रिपोर्टर अजीज सूफी
खाद संकट, मूंग खरीदी, बिजली आपूर्ति एवं किसानों की सुरक्षा सहित
8 सूत्रीय मांगों को लेकर कसरावद में कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
आक्रोशित किसानों ने दहन किया कृषि मंत्री का पुतला
कसरावद/18 जुलाई 2026/, मप्र कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार एवं भारत कृषक समाज के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री अरुण यादव तथा कसरावद विधायक सचिन सुभाष यादव के मार्गदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कसरावद, ब्लॉक किसान कांग्रेस कसरावद एवं भारत कृषक समाज, कसरावद के संयुक्त तत्वावधान में किसानों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर महामहिम राज्यपाल के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), कसरावद को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि मध्यप्रदेश का किसान आज खाद की किल्लत, अव्यवस्थित ई-टोकन व्यवस्था, मूंग की सरकारी खरीदी में अनियमितता, अपर्याप्त विद्युत आपूर्ति तथा कृषि उपकरणों की लगातार हो रही चोरी जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। इसके बावजूद प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशील दिखाई नहीं दे रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि खरीफ सीजन के दौरान किसान घंटों कतारों में खड़े रहने के बावजूद खाद से वंचित रह रहे हैं। ई-टोकन व्यवस्था पूरी तरह विफल साबित हुई है, जिससे बुवाई का कार्य प्रभावित हो रहा है। दूसरी ओर प्रदेश में मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी नहीं होने से किसानों को अपनी मेहनत की उपज औने-पौने दामों पर व्यापारियों को बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। साथ ही पर्याप्त कृषि विद्युत आपूर्ति नहीं मिलने से सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहे हैं और किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों के हित में आठ प्रमुख मांगें रखी गईं, जिनमें ई-टोकन व्यवस्था में सुधार कर समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराना, मूंग की शत-प्रतिशत सरकारी खरीदी सुनिश्चित करना, सभी प्रमुख फसलों का लाभकारी मूल्य एवं प्रभावी समर्थन मूल्य व्यवस्था लागू करना, कृषि विभाग एवं सहकारी समितियों की लापरवाही पर जिम्मेदारी तय कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करना, जिला स्तर पर विशेष किसान समाधान शिविर आयोजित करना, प्रतिदिन कम से कम 10 घंटे निर्बाध कृषि विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना, नर्मदा किनारे स्थापित कृषि मोटर पंपों एवं विद्युत उपकरणों की चोरी रोकने के लिए रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाना तथा विद्युत ट्रांसफार्मरों से तेल एवं अन्य उपकरणों की चोरी रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई करना शामिल है।
प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो प्रदेशभर में किसानों के हित में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी। आक्रोशित किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना का पुतला भी दहन किया ।
इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि नगर परिषद कसरावद, अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, अध्यक्ष, भारत कृषक समाज कसरावद, अध्यक्ष, ब्लॉक किसान कांग्रेस कसरावद, सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मगरखेड़ी, मुलठान एवं बलकवाड़ा के पदाधिकारी, जनपद पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रह
