संवाददाता : शांतनु राम कुलदीप
भानुप्रतापपुर। 1 सितंबर 2026 को छत्तीसगढ़ ड्राईवर संघ भानुप्रतापपुर (उप कार्यालय), मनकुंवर चौक, खैरवाही, जिला बालोद (छ.ग.) के द्वारा ड्राइवर दिवस उत्साह एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों एवं सभी सदस्यों ने एकजुट होकर कार्यक्रम में सहभागिता की।
बाइक रैली निकालकर दिया एकता और सड़क सुरक्षा का संदेश
ड्राइवर दिवस के अवसर पर संघ के सभी सदस्यों द्वारा भव्य बाइक रैली निकाली गई। रैली संघ के कार्यालय मनकुंवर चौक से प्रारंभ होकर दल्लीराजहरा होते हुए कुसुमकसा तक पहुंची। बाइक रैली में बड़ी संख्या में ड्राइवर संघ के सदस्य शामिल हुए। रैली के माध्यम से ड्राइवरों की एकता, सम्मान और सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया।
रैली के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। संघ के पदाधिकारियों ने रैली के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग प्रदान करने के लिए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
ड्राइवरों के सम्मान और अधिकारों पर दिया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ के अध्यक्ष रोहित कुमार देवांगन ने सभी ड्राइवर साथियों को ड्राइवर दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ड्राइवर समाज की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे दिन-रात मेहनत कर यात्रियों एवं आवश्यक वस्तुओं को उनके गंतव्य तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। ड्राइवरों के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों के लिए संगठन की एकता आवश्यक है।
इस अवसर पर संघ के उपाध्यक्ष दीपक मेश्राम, संचालक मोहन पासी, कोषाध्यक्ष विजय कुमार यादव, पूर्व कोषाध्यक्ष हनीफ भाई, प्रदेश बाउंसर प्रभारी शेख यासिम, प्रदेश सचिव लाल सिंह तारंम, सह सचिव हितेश कुमार उसेंडी एवं प्रदेश महामंत्री अंकलू राम बख्शी सहित संघ के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों ने ड्राइवरों के सम्मान, संगठन की एकता और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। ड्राइवर दिवस के अवसर पर आयोजित बाइक रैली से संघ के सदस्यों में उत्साह एवं एकजुटता देखने को मिली।
छत्तीसगढ़ ड्राईवर संघ भानुप्रतापपुर (उप कार्यालय) द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों एवं पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
