प्रशांत सिन्हा, ब्यूरो चीफ
कांकेर। शासकीय जिला अस्पताल कोमलदेव सह मेडिकल कॉलेज, कांकेर में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टरों से परामर्श के लिए लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन मरीजों के बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें घंटों तक खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है।
शनिवार को ली गई तस्वीर में भी 50 से अधिक मरीज और परिजन डॉक्टर से मिलने के लिए कतार में खड़े दिखाई दे रहे हैं। अस्पताल में प्रतीक्षा कर रहे मरीजों के लिए केवल 4 वेटिंग चेयर उपलब्ध हैं, जिन पर अधिकतम 15 से 20 लोग ही बैठ सकते हैं। जबकि सामान्य दिनों में ओपीडी में मरीजों की संख्या 100 से 200 तक पहुंच जाती है।
अस्पताल आने वाले अधिकांश मरीज पहले से ही बीमारी और शारीरिक कमजोरी से जूझ रहे होते हैं। ऐसे में घंटों तक खड़े रहना उनके लिए और अधिक कष्टदायक साबित होता है। बुजुर्ग, महिलाएं और गंभीर मरीजों को भी बैठने की जगह नहीं मिलने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों और मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन से मांग की है कि ओपीडी परिसर में मरीजों की संख्या के अनुरूप पर्याप्त वेटिंग चेयर उपलब्ध कराई जाए, ताकि इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिल सके तथा उन्हें सम्मानजनक और सुविधाजनक वातावरण में अपनी बारी का इंतजार करना न पड़े।
— प्रशांत सिन्हा
ब्यूरो चीफ,
