प्रशांत सिन्हा
कांकेर
अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कांकेर पुलिस एवं आबकारी विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न आबकारी प्रकरणों में जप्त कुल 465 लीटर अवैध शराब एवं महुआ पास का विधिवत नष्टीकरण किया। नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत लगभग ₹2.50 लाख बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू की उपस्थिति में 20 जून 2026 को चौकी दुधावा परिसर में की गई।
कार्रवाई के दौरान चौकी दुधावा क्षेत्र के 46 आबकारी एक्ट प्रकरणों में जप्त कुल 346 लीटर, थाना नरहरपुर के 16 प्रकरणों में जप्त 87 लीटर तथा चौकी हल्बा के 07 प्रकरणों में जप्त 32 लीटर अवैध महुआ शराब, देशी एवं विदेशी शराब तथा महुआ पास को नियमानुसार नष्ट किया गया।
पुलिस के अनुसार नष्ट की गई शराब में कई महंगे विदेशी ब्रांड भी शामिल रहे, जिनमें Royal Stag, Bagpiper और McDowell's No.1 के साथ विभिन्न ब्रांड की बीयर, देशी प्लेन शराब एवं महुआ शराब शामिल थीं।
इस कार्रवाई में पुलिस एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने इसे अवैध शराब कारोबार के खिलाफ जारी अभियान का हिस्सा बताते हुए भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रखने की बात कही।
