नशामुक्ति का संकल्प, राखी के धागे में बंधा भाईचारा

खरगोन जिले से न्यूज़ रिपोर्टर अजीज सूफी  

सब जेल कसरावद में नशामुक्त भारत अभियान एवं मिशन स्पंदन के तहत हुआ आयोजन

कसरावद। नशे की गिरफ्त से दूर रहकर स्वस्थ, सुरक्षित और बेहतर जीवन जीने का संकल्प तथा भाई-बहन के स्नेह का पर्व—रक्षाबंधन। सब जेल कसरावद में मंगलवार को इन दोनों संदेशों का सुंदर संगम देखने को मिला। नशामुक्त भारत अभियान एवं मिशन स्पंदन के अंतर्गत प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, कसरावद के सहयोग से शपथ ग्रहण एवं रक्षाबंधन कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्थान की बीके भावना दीदी, बीके सारिका दीदी एवं बीके रेखा दीदी ने बंदियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार, सामाजिक जीवन और भविष्य को भी प्रभावित करता है। नशे से दूरी ही स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन की पहली सीढ़ी है। इस दौरान बंदियों को नशामुक्त जीवन जीने की शपथ भी दिलाई गई।


रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों ने जेल के बंदियों एवं कर्मचारियों की कलाई पर राखी बांधकर स्नेह, सद्भाव और आत्मीयता का संदेश दिया। राखी के धागे ने जहां रिश्तों की डोर को मजबूत किया, वहीं नशामुक्ति की शपथ ने जीवन को नई दिशा देने का संकल्प जगाया। कार्यक्रम के दौरान बंदियों में विशेष उत्साह और सकारात्मक माहौल नजर आया।


कार्यक्रम में पीएलवी अकील ख़ान ने भी बंदियों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करते हुए कहा कि जीवन में कितनी भी कठिन परिस्थितियां आएं, नशे को सहारा बनाने के बजाय सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास को अपना साथी बनाना चाहिए।


कार्यक्रम के समापन पर जेलर धर्मवीर सिंह उमरैया ने जेल परिवार की ओर से ब्रह्माकुमारी संस्थान से पधारी बहनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बंदियों में सकारात्मक सोच विकसित करने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


रक्षासूत्र के साथ नशामुक्ति का संकल्प—सब जेल कसरावद में रक्षाबंधन का पर्व सामाजिक सरोकार और सकारात्मक संदेश के साथ मनाया गया।


Post a Comment

Previous Post Next Post

Also Read