भानुप्रतापपुर परिवहन संघ के सहयोग से कांकेर पुलिस का Triple E अभियान, 100 पेड़ों पर रेडियम स्टिकर लगाकर सड़क सुरक्षा का दिया संदेश

प्रशांत सिन्हा  

भानुप्रतापपुर, 28 जुलाई। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कांकेर पुलिस द्वारा भानुप्रतापपुर अनुभाग में Triple E (Engineering, Enforcement & Education) अभियान संचालित किया गया। इस अभियान में भानुप्रतापपुर परिवहन संघ ने भी सक्रिय सहयोग दिया।

पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमाल (भानुप्रतापपुर) एवं श्री योगेश कुमार साहू के मार्गदर्शन में, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री शेर बहादुर सिंह ठाकुर एवं उप पुलिस अधीक्षक डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में यातायात प्रभारी श्री दीपक साव एवं यातायात पुलिस कांकेर द्वारा अभियान संचालित किया गया।



अभियान के Engineering चरण में भानुप्रतापपुर परिवहन संघ के सहयोग से क्षेत्र के लगभग 100 पेड़ों पर रेडियम स्टिकर लगाए गए, जिससे रात्रि के समय सड़क किनारे की स्पष्ट पहचान हो सके। साथ ही दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के लिए विस्तृत प्रतिवेदन तैयार किया गया।


Enforcement के अंतर्गत यातायात पुलिस एवं थाना भानुप्रतापपुर की संयुक्त टीम ने विभिन्न मार्गों पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, ट्रिपल राइडिंग, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना, ओवरस्पीडिंग एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई तथा लोगों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के लिए प्रेरित किया गया।


Education के तहत शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, भानुप्रतापपुर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रोजेक्टर के माध्यम से विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सुरक्षित वाहन संचालन एवं सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में लगभग 200 विद्यार्थी, शिक्षक एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।


कार्यक्रम के दौरान राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को शासन द्वारा ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। साथ ही डायल-112 की आपातकालीन सेवाओं एवं दुर्घटना पीड़ितों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।


इस अवसर पर महिला रक्षा टीम ने विद्यार्थियों को बाल अपराध, महिला संबंधी अपराध, गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा तथा अभिव्यक्ति ऐप के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया।




Post a Comment

Previous Post Next Post

Also Read