संवाददाता प्रणित पेदापल्लीवर
गड़चिरौली :- जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और भारतीय मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी रेड अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बुधवार, 29 जुलाई 2026 को जिले की सभी स्कूलों, महाविद्यालयों, आंगनवाड़ियों, आश्रमशालाओं तथा प्रशिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले में भारी से अति भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
प्रशासन ने कहा है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की अपील की गई है।
