झपटमारी मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, दुर्गुकोन्दल पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 प्रशांत सिन्हा ब्यूरो रिपोर्ट

कांकेर

            दुर्गुकोन्दल/कांकेर, 18 जून 2026। थाना दुर्गुकोन्दल पुलिस ने झपटमारी के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को रायपुर से पकड़कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 जून 2026 को ग्राम घोटिया निवासी श्रीमती कुमारीबाई अपने खेत विक्रमगंज से काम कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान भानुप्रतापपुर–दुर्गुकोन्दल मुख्य मार्ग पर विक्रमगंज के पास एक सफेद रंग की कार उनके पास आकर रुकी, जिसमें तीन युवक और एक युवती सवार थे।

बताया गया कि कार से उतरे एक युवक ने बातचीत करने के बहाने प्रार्थिया के गले में पहनी माला को सोने की माला समझकर झपट लिया और अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।


घटना की शिकायत पर थाना दुर्गुकोन्दल में अपराध क्रमांक 15/2026 दर्ज कर धारा 304 एवं 112(1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पहले ही तीन आरोपियों — आशीष भट्टाचार्य, सूर्यकांत उर्फ सूर्यागुप्ता एवं माही उर्फ मनीषा बंजारे — को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि एक आरोपी फरार था।

पुलिस अधीक्षक उत्तर बस्तर कांकेर श्री निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर श्री आकाश श्रीश्रीमाल तथा एसडीओपी भानुप्रतापपुर श्री शेर बहादुर सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपी पवन कुमार देवांगन (19 वर्ष), निवासी जोरापारा, रायपुर को रायपुर से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना में शामिल होना स्वीकार किया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया कर रही है।


इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रहलाद यादव, सहायक उपनिरीक्षक महावीर प्रसाद मिश्रा, वीरेंद्र बुंदेला एवं आरक्षक अवधराम नाग का विशेष योगदान रहा।

कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल अपराध सूचना हेल्पलाइन 94791-55125 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Also Read