कोरर में दंपति पर हमले के बाद ग्रामीणों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग को लेकर थाना पहुंचे बड़ी संख्या में लोग

प्रशांत सिन्हा 

कांकेर

कोरर। ग्राम कोरर में हुई मारपीट और हमले की घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है। घटना के विरोध में ग्राम प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने थाना कोरर पहुंचकर लिखित आवेदन सौंपा तथा मामले में शीघ्र कार्रवाई, आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटनाओं पर समय रहते कार्रवाई होना आवश्यक है ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था और लोगों का विश्वास बना रहे।

ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, 16 जून की सुबह राकेश राजपूत एवं उनकी पत्नी गोमती राजपूत के घर के आंगन में घुसकर उनके बड़े भाई तदबीर सिंह राजपूत, उनके बेटे सुशांत सिंह राजपूत एवं उनकी पत्नी  द्वारा गाली-गलौज, मारपीट और जानलेवा हमला किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के दौरान आंखों के साथ पुरे श शरीर में मिर्च पाउडर डालकर हमला किया गया, जिससे दोनों अपनी सुरक्षा नहीं कर सके।


आवेदनकर्ताओं का कहना है कि घटना में राकेश राजपूत को हाथ, पैर, सिर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं उनकी पत्नी गोमती राजपूत को बाएं कंधे, रीढ़ और पसलियों में गंभीर चोट लगने की जानकारी दी गई है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल कांकेर ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के संबंध में ग्रामीणों एवं आवेदनकर्ताओं ने यह भी दावा किया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी पक्ष घटना के दौरान अपने साथ मिर्च पाउडर लेकर पहुंचा था और मारपीट के दौरान उसका उपयोग किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया है और लोग इसे गंभीर घटना के रूप में देख रहे हैं।

ग्रामीणों ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया कि पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं है और राकेश राजपूत एवं उनकी पत्नी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं और घटना के बाद परिवार आर्थिक और मानसिक कठिनाई का सामना कर रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के साथ उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाए।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा और चिंता का माहौल है। लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों में सुरक्षा की भावना बनी रहे।


इसी मांग को लेकर ग्राम प्रमुखों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने थाना कोरर पहुंचकर थाना प्रभारी को आवेदन सौंपा। ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व सरपंच सौरभ ठाकुर, सरपंच कालीराम उइके, उपसरपंच योगिता राजपूत सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

फिलहाल मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है तथा आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Also Read