खरगोन जिले से संवाददाता अजीज सूफी
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ भगवती शारदा एवं श्रद्धेय सुभाषचंद्र यादव जी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन, पूजन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालयीन छात्र-छात्राओं द्वारा सुमधुर ऑर्केस्ट्रा समूह के माध्यम से भक्ति गीत, सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। कक्षा एक के नन्हे बच्चों द्वारा भगवान बाल गणेश की वंदना पर आधारित आकर्षक नृत्य प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के उप प्राचार्य द्वारा मंचासीन अतिथियों का विस्तृत परिचय प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात कार्यक्रम के अध्यक्ष सचिन सुभाषचंद्र यादव द्वारा मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं श्रीफल से सम्मान किया गया। वहीं संस्था के प्राचार्य डॉ. नितिन मिश्रा ने कार्यक्रम के आयोजक एवं अध्यक्ष सचिन यादव का सम्मान कर आभार व्यक्त किया।
प्राचार्य ने प्रस्तुत किया वार्षिक प्रतिवेदन
इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य डॉ. नितिन मिश्रा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की उत्तरोत्तर प्रगति का विस्तृत विवरण दिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक, व्यावसायिक एवं खेल प्रतियोगिताओं में विभिन्न स्तरों पर अर्जित उपलब्धियों से सभी को अवगत कराते हुए कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने नीट, आईआईटी, एनआईटी, एचसीएल जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं में चयन प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। साथ ही अनेक विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
कार्यक्रम में प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया जिसमें मुख्य अतिथि, विशेष अतिथि एवं अध्यक्ष सचिन सुभाषचंद्र यादव द्वारा विभिन्न स्तरों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। इस अवसर पर जयेश राजेश पाटीदार, माही विजय यादव एवं शिव शिवराम सिसोदिया को राष्ट्रीय स्तर पर सहभागिता के लिए पुरस्कृत किया गया। वहीं मोहित कमल मंडलोई एवं सौरभ मधुराम यादव को माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित सत्र 2024-25 की हाई स्कूल परीक्षा में 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में द्वितीय स्थान अर्जित करने पर संस्था द्वारा टैबलेट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रियदर्शिनी स्कूल बोरावां, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त मंच - सचिन यादव
मुख्य अतिथि श्री आशीष मोदी ने अपने उद्बोधन में संस्था द्वारा शैक्षणिक क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों एवं प्रयासों की सराहना करते हुए पालकों एवं विद्यार्थियों को बधाई दी तथा विद्यालय को क्षेत्र का उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थान बताया। वहीं कार्यक्रम के अध्यक्ष सचिन सुभाषचंद्र यादव ने अपने संबोधन में संस्था की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि एवं जनकल्याणकारी उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने कहा कि विद्यालय की स्थापना वर्ष 1996 में पूज्य स्व सुभाष यादव द्वारा की गई थी। यह संस्था केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त मंच है, जहाँ उनके सपनों को साकार रूप दिया जाता है। विद्यालय का उद्देश्य प्रारंभ से ही ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, संस्कारयुक्त एवं आधुनिक शिक्षा प्रदान करना रहा है, जिसमें निरंतर सफलता प्राप्त हो रही है।विद्यालय क्षेत्र की प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने सभी पालकों को संस्था के उद्देश्य एवं लक्ष्यों से अवगत कराते हुए संस्था के कार्यों की सराहना की। श्री यादव ने आगे कहा कि यहॉ पर शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी देश प्रदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों एवं उपक्रमों में सेवारत होकर क्षेत्र को गौरवान्वित कर रहे हैं ।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत विद्यार्थियों ने विविध प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की “अनेकता में एकता” की भावना को जीवंत किया। विभिन्न प्रादेशिक नृत्यों के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण पर आधारित प्रस्तुतियों ने सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। वहीं पुष्पा-2 की थीम पर आधारित काली माँ महाकाली, कांतारा के देव पंजुली एवं राजस्थानी लोकनृत्य “केसरिया बालम पधारो” जैसी आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय राज्य कृषि मंत्री श्री अरुण यादव जी ने अपने संदेश में कहा कि “हमारा लक्ष्य केवल अच्छे विद्यार्थी बनाना नहीं, बल्कि अच्छे नागरिक बनाना है, जो समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान दे सकें।“ कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सावन भार्गव, रेखा मंडलोई, रविन्द्र यादव एवं कक्षा 11वीं की छात्राओं द्वारा किया गया जबकि समस्त व्यवस्थाओं का सफल संचालन सीनियर कॉर्डिनेटर चेतन पटेल के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के सफल समापन पर संस्था के उप प्राचार्य संजेश वर्मा ने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं, पालकों, प्रतिभागियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया। वार्षिकोत्सव कार्यक्रम ने विद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सांस्कृतिक समृद्धि को भी प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया।
