खरगोन जिले से संवाददाता अजीज सूफी
बोरावां। क्षेत्र के शैक्षणिक परिदृश्य में निरंतर उत्कृष्टता की नई इबारत लिखते हुए प्रियदर्शिनी पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, बोरावां ने एक बार फिर माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की वार्षिक बोर्ड परीक्षाओं में शानदार परीक्षा परिणाम देकर अपनी गुणवत्ता का प्रमाण प्रस्तुत किया है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षाओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए न केवल संस्था, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
हाल ही में घोषित बोर्ड परीक्षा परिणामों में विद्यालय के अनेक विद्यार्थियों ने उच्चतम अंक अर्जित कर सफलता का परचम लहराया। जिसमें हाई स्कूल परीक्षा परिणामों के अंतर्गत विशेष रूप से कक्षा 10वीं की छात्रा स्नेहा रवींद्र चौहान ने 96% अंक अर्जित करते हुए विद्यालय प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त किया तो छात्र यशराज मंडलोई ने 92.6% अंक अर्जित कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।वहीं अन्य छात्रों में ईश्वर यादव ने 91%, रिया पाटीदार , प्राची पटेल,तथा यश पाटीदार ने 90% , यशराज पाटीदार ने 88%, प्रद्युम्न यादव ने 87%, गरिमा यादव ने 86%, तथा यश चौहान ने 85%अंक प्राप्त कर अपने शैक्षणिक कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
तो वहीं हायर सेकेंडरी स्तर के अंतर्गत गणित संकाय के साथ कक्षा 12वीं की छात्रा खुशी नरेंद्र मंडलोई ने 92% अंक अर्जित कर विद्यालय प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त किया ,वहीं ऋषिका यादव ने 88%., तथा अंकिता यादव ने 87% अंक अर्जित कर विद्यालय स्तर पर द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वाणिज्य संकाय के अंतर्गत छात्र कृष्णा यादव ने 87%, निखिल यादव ने 84% तथा शानू माली ने 81% अंक अर्जित कर विद्यालय में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं जीव विज्ञान संकाय के अंतर्गत छात्रा चेतना पटेल ने 83%, वंशिका राठौड़ ने 80% तथा छात्रा चेतना चौहान ने 79% अंक अर्जित कर अपने संकाय में प्रथम,द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया ।
इन परिणामों ने यह सिद्ध कर दिया है कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण एवं सतत मार्गदर्शन का समन्वय विद्यार्थियों को सफलता की नई ऊँचाइयों तक पहुंचा रहा है।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. नितिन मिश्रा ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण एवं अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, नियमित अभ्यास एवं व्यक्तिगत मार्गदर्शन के माध्यम से तैयार किया जाता है, जिससे वे हर परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री अरुण यादव जी तथा संस्था वरिष्ठ संचालक संजीत यादव के अनुसार संस्था प्रारंभ से ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रही है। यहां शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। यही कारण है कि विद्यालय के विद्यार्थी लगातार बोर्ड परीक्षाओं सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सफलता प्राप्त कर रहे हैं।
शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम आने वाले वर्षों में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा का कार्य करेगा। अभिभावकों ने विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था एवं मार्गदर्शन की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि प्रियदर्शिनी पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, बोरावां शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की श्रृंखला को निरंतर आगे बढ़ा रहा है और भविष्य में भी इसी प्रकार नए कीर्तिमान स्थापित करता रहेगा।

