नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवेंद्र यादव ने अपने जन्मदिन को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए सराहनीय पहल की। गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ईसागढ़ में जन्मी दो नवजात आदिवासी बालिकाओं को 11-11 हजार रुपए के चेक प्रदान कर उनके नाम से एफडीआर कराई।
बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की पहल
9 अप्रैल को जन्मी बालिकाएं—लाड़कुवर (पति बिजेंद्र आदिवासी, ग्राम आकलोन) एवं गीता (पति अजय आदिवासी, ग्राम महुअन)—को यह राशि उनके भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से दी गई। एफडीआर के माध्यम से यह राशि 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर एकमुश्त उनके काम आएगी, जिससे शिक्षा या विवाह में सहयोग मिल सके।
मरीजों को फल वितरण
इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।
वृद्धाश्रम में भी बांटी खुशियां
इसके पश्चात शिवेंद्र यादव वृद्धाश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने वृद्धजनों को वस्त्र एवं मिठाई भेंट की। साथ ही उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया और उनका हालचाल जाना।
जनप्रतिनिधि व स्टाफ रहे मौजूद
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष गोविंद सोनी, पार्षदगण, बीएमओ डॉ. लक्ष्मी चंद्र, डॉ. कुलदीप रघुवंशी, बीपीएम शिवकांत शर्मा सहित अस्पताल स्टाफ और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
