कलेक्टर ने उप मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों का जायजा लिया। कार्यालय की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

 संवाददाता - पवन कुमार साहू  

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा के दो दिवसीय बालोद प्रवास को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों का भी जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने संयुक्त जिला कार्यालय में व्याप्त अव्यवस्था पर नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यालय अधीक्षक को पूरे कार्यालय को व्यवस्थित करने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

24 अक्टूबर को विकास कार्यों का होगा भूमिपूजन एवं लोकार्पण

उल्लेखनीय है कि 23 और 24 अक्टूबर को उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा का दो दिवसीय बालोद प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान श्री शर्मा विभिन्न विभागों के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम में शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री वितरित करने, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान करने तथा जिले की विकास उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगाने की भी तैयारी की जा रही है।

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने संबंधित विभागों को कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मुख्य कार्यक्रम का आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक किया जा सके। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सुरेन्द्र कुमार वैद्य, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री नूतन कंवर, श्री हरिवंश सिंह मिरी एवं एसडीएम डौण्डीलोहारा श्री लवकेश कुमार ध्रुव , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Also Read