ब्यूरो समाचार दिनेश नेताम
दल्ली राजहरा। दल्ली मॉडर्न आर्ट क्लब में लगातार कई वर्षों से भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित कर गणेश उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस वर्ष भी दल्ली मॉडर्न आर्ट क्लब के नृत्य प्रशिक्षण केंद्र में भगवान श्री गणेश की स्थापना की गई। पूरे उत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम 6 बजे आरती की गई, जिसमें अकादमी से जुड़े सभी सदस्यों, बच्चों, माताओं एवं बहनों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया।
गणेश उत्सव के दौरान अकादमी से जुड़ी महिलाओं ने विशेष रूप से सेवा और सहयोग की भावना का परिचय दिया। किसी भी महिला से आर्थिक सहयोग नहीं लिया गया, बल्कि सभी से अपनी इच्छा के अनुसार घर से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में भंडारे की सामग्री लाने का आग्रह किया गया। किसी ने खिचड़ी के लिए सामग्री दी, किसी ने सब्जी, पूरी, खीर, चटनी एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई। इस प्रकार सभी के छोटे-छोटे सहयोग से सामूहिक रूप से भगवान श्री गणेश का प्रसाद एवं भंडारा तैयार किया गया।
24 सितंबर को हवन एवं भंडारे का आयोजन किया गया। अकादमी की माताओं एवं बहनों द्वारा शाम 4 बजे से श्रम सेवा के रूप में खिचड़ी, सब्जी, पूरी, खीर, चटनी एवं अन्य प्रसाद तैयार करने का कार्य शुरू किया गया। इसके बाद शाम 5 बजे विधि-विधान से हवन एवं पूजा-अर्चना की गई। शाम 6 बजे से प्रसाद वितरण प्रारंभ हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में अकादमी से जुड़े सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
25 सितंबर को भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का भव्य विसर्जन किया गया। विसर्जन के लिए अकादमी से जुड़े सभी सदस्य श्रद्धा और उत्साह के साथ एकत्रित हुए। मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। अकादमी से आने वाले सदस्यों के लिए ई-रिक्शा की व्यवस्था भी की गई, ताकि सभी लोग सुरक्षित रूप से विसर्जन स्थल तक पहुंच सकें।
विसर्जन यात्रा के दौरान भगवान श्री गणेश की आरती एवं जयकारों के साथ भक्तिमय वातावरण बना रहा। बच्चों, महिलाओं एवं अकादमी से जुड़े सदस्यों ने उत्साहपूर्वक विसर्जन में भाग लिया। सभी ने भगवान श्री गणेश से परिवार, समाज एवं नगर की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
दल्ली मॉडर्न आर्ट क्लब के संचालक विजय बोरकर ने कहा कि अकादमी में विभिन्न धर्मों से जुड़े बच्चे, महिलाएं एवं परिवार लंबे समय से जुड़े हुए हैं। अकादमी में समय-समय पर सभी धर्मों के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। गणेश उत्सव का आयोजन भी इसी भावना के साथ किया गया, ताकि सभी लोग मिल-जुलकर एक-दूसरे की खुशियों में सहभागी बनें और आपसी प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे की भावना मजबूत हो।
इस वर्ष का गणेश उत्सव केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामूहिक सहयोग, श्रम सेवा, आपसी सद्भाव और एकता का सुंदर उदाहरण बना। सभी माताओं, बहनों, बच्चों एवं अकादमी से जुड़े सदस्यों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए आयोजन को सफल बनाया।
भक्तिमय वातावरण में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। सभी ने भावपूर्ण मन से भगवान श्री गणेश को विदाई देते हुए अगले वर्ष पुनः पधारने की प्रार्थना की। इस विसर्जन में विजय बोरकर, मिलन माराई, श्रीजीत, केशव पटेल, रश्मि सोनी, ऐश्वर्या, गायत्री नायडू ,वीणा साहू , मधुमिता लता, मोनिकाभट्टाचार्य, हेम नीलमार्कर , पुष्पा, दामिनी साहू , महक कराढा, शिल्पाजयसवाल , सत्यबघेल , मंजूकथुरिया , सोनू और भी कई लोग गणेश जी की विसर्जन में शामिल थे
गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ।




