पांच साल से लंबित सांदीपनि विद्यालय भवन के लिए उठी आवाज, पीपलगोन रोड की भूमि आवंटित करने की मांग

खरगोन जिले से न्यूज़ रिपोर्टर अजीज सूफी  

कसरावद। कसरावद में शासन द्वारा स्वीकृत सांदीपनि विद्यालय भवन का निर्माण पिछले करीब पांच वर्षों से भूमि आवंटन के अभाव में लंबित है। भवन निर्माण के लिए राशि स्वीकृत होने के बावजूद अब तक स्थायी भूमि नहीं मिलने से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। वहीं स्वीकृत राशि के लैप्स होने की स्थिति को देखते हुए नगर में विद्यालय भवन निर्माण को लेकर जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है।

इस संबंध में भाजपा नेता हेमन्त सोनी के नेतृत्व में कलेक्टर खरगोन के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कसरावद को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कसरावद के पीपलगोन रोड स्थित खसरा क्रमांक 55/1/1/1 में से सांदीपनि विद्यालय भवन निर्माण के लिए आवश्यक भूमि का शीघ्र स्थल परीक्षण, सीमांकन एवं आवंटन किए जाने की मांग की गई।


ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में सांदीपनि विद्यालय की कक्षाएं तीन अलग-अलग स्थानों पर संचालित हो रही हैं। इससे विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों और शिक्षकों को भी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थायी भवन बनने से विद्यार्थियों को एक ही स्थान पर बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।


ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि पीपलगोन रोड स्थित खसरा क्रमांक 55/1/1/1 का कुल क्षेत्रफल राजस्व अभिलेख में 34.6800 हेक्टेयर दर्ज है। इसमें से विद्यालय भवन के लिए आवश्यक भूमि का स्थल परीक्षण कर आवंटन किया जा सकता है। मांग की गई कि प्रशासन प्राथमिकता से प्रक्रिया पूरी कर भवन निर्माण का मार्ग प्रशस्त करे, ताकि स्वीकृत राशि का समय पर सदुपयोग हो सके।


इस अवसर पर भाजपा नेता *हेमन्त सोनी ने* आरोप लगाया कि सांदीपनि विद्यालय को कसरावद नगर से बाहर बोरावा ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा कसरावद को मिली यह सौगात कसरावद नगर में ही रहनी चाहिए। नगर के विद्यार्थियों और अभिभावकों के हित में विद्यालय का स्थायी भवन कसरावद में ही बनाया जाना चाहिए।


उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालय कसरावद के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण शैक्षणिक सुविधा है। वर्षों से भूमि आवंटन का मामला लंबित है, ऐसे में अब प्रशासन को तत्काल निर्णय लेकर भूमि उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि भवन निर्माण शुरू हो सके।


ज्ञापन में मांग की गई कि खसरा क्रमांक 55/1/1/1 का शीघ्र स्थल परीक्षण एवं सीमांकन करवाकर सांदीपनि विद्यालय के लिए आवश्यक भूमि आवंटित की जाए तथा स्वीकृत राशि के लैप्स होने से पूर्व सभी आवश्यक प्रशासनिक कार्यवाही पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए।


Post a Comment

Previous Post Next Post

Also Read