राष्ट्रीय पदक विजेता गगन सोनी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हाथों सम्मानित, दल्ली राजहरा का बढ़ाया गौरव

 ब्यूरो समाचार - दिनेश नेताम   

स्थान - दल्ली राजहरा 

दल्ली राजहरा। दल्ली राजहरा मार्शल आर्ट क्लब के होनहार खिलाड़ी गगन सोनी को जूडो एवं कलरिपयट्टू में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रायपुर के होटल बेबीलॉन कैपिटल में आयोजित ‘Chhattisgarh NEXT – Dialogue • Award • Celebration’ समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के हाथों सम्मानित किया गया।


“आज की जनधारा” के 36वें स्थापना दिवस के अवसर पर 27 सितंबर को आयोजित इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले युवाओं एवं Youth Achievers को सम्मानित किया गया। समारोह में प्रसिद्ध कलाकार एवं अभिनेता पीयूष मिश्रा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


गगन सोनी ने 37वें नेशनल गेम्स, गोवा में कलरिपयट्टू में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था। उनकी इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ₹1,20,000 की नगद पुरस्कार राशि भी प्रदान की जा चुकी है। यह उपलब्धि गगन की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण के साथ-साथ दल्ली राजहरा एवं छत्तीसगढ़ के लिए भी गौरव का विषय है।


गगन सोनी लगातार दो नेशनल गेम्स में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। 37वें नेशनल गेम्स गोवा के बाद उन्होंने 38वें नेशनल गेम्स में भी हिस्सा लेकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अब वे आगामी तीसरे नेशनल गेम्स, मेघालय के लिए भी लगातार अभ्यास और तैयारी में जुटे हुए हैं।


दल्ली राजहरा मार्शल आर्ट क्लब के संचालक एवं प्रशिक्षक लखन कुमार साहू ने गगन सोनी को मिले इस सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि गगन ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर दल्ली राजहरा और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि गगन की उपलब्धियां क्षेत्र के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी हैं।


गगन सोनी के सम्मान से दल्ली राजहरा के खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं मार्शल आर्ट से जुड़े लोगों में हर्ष का माहौल है। सभी ने गगन को बधाई देते हुए आगामी नेशनल गेम्स में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं

Post a Comment

Previous Post Next Post

Also Read