न्यूज 24 इंडिया ब्यूरो चीफ अशोकनगर दिनेश कुमार सेन
निरीक्षण के अभाव में बढ़ रही अव्यवस्था, खुलेआम गुमठियों पर बिक रहा पेट्रोल, जिम्मेदारों की कार्यशैली पर उठे सवाल
ईसागढ़/अशोकनगर। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में संचालित कई पेट्रोल पंपों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। वाहन चालकों को आए दिन कभी "मशीन खराब" तो कभी "पेट्रोल उपलब्ध नहीं है" जैसे बोर्ड लगे दिखाई देते हैं। इस कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार लोगों को ईंधन के लिए दूसरे पेट्रोल पंपों का रुख करना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से बनी हुई है। इसके बावजूद संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण नहीं किए जाने से पेट्रोल पंप संचालकों की मनमानी बढ़ती जा रही है। उपभोक्ताओं को समय पर ईंधन उपलब्ध कराना उनकी जिम्मेदारी है, लेकिन व्यवस्थाएं अक्सर चरमराई हुई नजर आती हैं।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि एक ओर अधिकृत पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कमी या मशीन खराब होने की बात कही जाती है, वहीं दूसरी ओर कई स्थानों पर गुमठियों और दुकानों पर खुलेआम बोतलों में पेट्रोल बेचा जा रहा है। यह न केवल नियमों के विरुद्ध है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी बेहद खतरनाक है। इसके बावजूद संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण कर उनकी कार्यप्रणाली की जांच करे। साथ ही अवैध रूप से खुले में पेट्रोल बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके और भविष्य में ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस बारे में एसडीएम त्रिलोचन सिंह गौड़ को एवं जिला खाद्य अधिकारी प्राची शर्मा को अवगत कराया तो उनका कहना है कि हम दिखवाते हैं।
