कांकेर से शूभो पाईक की रिपोर्ट
अंतागढ़, 11 जुलाई 2026। आम आदमी पार्टी के विधानसभा प्रभारी शिव पोटाई के नेतृत्व में आज कार्यकर्ताओं ने अंतागढ़ विधायक कार्यालय पहुँचकर विधायक विक्रम उसेंडी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में रायपुर जिले की धरसींवा विधानसभा अंतर्गत ग्राम नकटी में गरीब परिवारों के घर तोड़े जाने पर गहरा विरोध दर्ज कराते हुए विधायक से प्रस्तावित विधायक कॉलोनी को स्वीकार नहीं करने तथा प्रभावित परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास का समर्थन करने की मांग की गई।
शिव पोटाई ने कहा कि नकटी गाँव में लगभग 85 गरीब परिवारों के आशियाने उजाड़ दिए गए, जिससे महिलाएँ, बच्चे, बुजुर्ग और मजदूर परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं। यदि गरीबों को बेघर कर जनप्रतिनिधियों के लिए कॉलोनी बनाई जाती है, तो यह सामाजिक न्याय और मानवता के विरुद्ध है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का स्पष्ट मानना है कि जनप्रतिनिधियों का सम्मान जनता के विश्वास से मिलता है, न कि गरीबों के घर उजाड़कर बनाए गए भवनों से। पार्टी ने विधायक विक्रम उसेंडी से अपील की है कि वे नैतिक जिम्मेदारी निभाते हुए लिखित रूप से यह घोषणा करें कि वे नकटी गाँव की चरागाह भूमि पर गरीब परिवारों को विस्थापित कर बनाई जाने वाली विधायक कॉलोनी को स्वीकार नहीं करेंगे तथा प्रभावित परिवारों के न्यायपूर्ण और सम्मानजनक पुनर्वास का समर्थन करेंगे।
शिव पोटाई ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार गरीबों के आशियाने उजाड़ने में लगी हुई है, जबकि सरकार का दायित्व लोगों को आवास और सुरक्षा देना है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी गरीब, वंचित और पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रभावित परिवारों को न्याय नहीं मिला और उनके पुनर्वास की ठोस व्यवस्था नहीं की गई, तो आम आदमी पार्टी जनहित में आंदोलन को और तेज करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। यूथ विंग जिला अध्यक्ष बारसु हुपेंडी बिनु प्रचापी राजेश हुपेंडी संतोष नाग हेमराज दुग्गा जिला उपध्यक्ष सुरेंद्र उइके नागेश मेघानाथ उइके आलदू नरेटी आदि उपस्थिति रहे

