जिला ब्यूरो पंकज कुमार
गुना
गुना पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी एवं इन गतिविधयों में संलिप्त माफियाओं पर सतत निगरानी रखते हुए कठोर कार्यवाही की जा रही है । इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुना मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजा तस्करी की सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की गई है ।
गत दिनांक 31 मार्च 2026 को कैंट थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना हुई कि ग्राम इमझरा के कच्चे रास्ते पर झाडियों के पास एक व्यक्ति अपने अन्य दो साथियों के साथ हीरो एचएफ डीलक्स मोटर साइकिल क्रमांक MP67 MK 4019 पर अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर उसे बेचने के लिए खडे हुए हैं । थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी की उक्त सूचना के मिलते ही सूचना की तस्दीक व कार्यवाही हेतु तत्काल कैंट थाने से पुलिस की एक टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर देखा तो वहां पर मुखबिर के बताए हुलिए का एक व्यक्ति अपने अन्य दो साथियों के साथ मोटर साइकिल लेकर साथ खडा दिखा, जिनकी मोटर साइकिर एक बैग टंगा हुआ था, जिन्हें पुलिस फोर्स ने भागने का अवसर न देते हुए तीनों को वमुश्किल घेराबंदी कर धर दबोच लिया गया ।
पूछताछ पर जिन्होंने अपने नाम 1-सूर्या उर्फ संदेश पुत्र बलवीर सिंह रघुवंशी उम्र 28 साल निवासी ग्राम गजनाई थाना म्याना जिला गुना, 2-रामबाबू पुत्र हल्कूराम पाल उम्र 22 साल निवासी ग्राम करोद थाना कैंट गुना एवं 3-कैलाश पुत्र रामचरण रघुवंशी उम्र 56 साल निवासी ग्राम पचलावना थाना ईसागढ जिला अशोकनगर के होना बताए एवं मुखबिर सूचना के आधार पर जिसकी विधिवत तलाशी लेने पर उनके पास रहे बैग से 2.63 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये का बरामद हुआ, आरोपियों से बरामद गांजे के संबंध में पूछताछ करने पर, उक्त गांजा बडागांव, अशोकनगर निवासी शिशुपाल रघुवंशी से खरीद कर लाना बताया । पुलिस द्वारा आरोपियों से बरामद गांजा एवं घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल को विधिवत जप्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया और अवैध मादक पदार्थ गांजे के क्रय विक्रय में संलिप्त चारों आरोपियों के विरुद्ध कैंट थाने में अपराध क्रमांक 206/26 धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है । पुलिस द्वारा आरोपी के गांजा तस्करी के अन्य स्त्रोतों एवं संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है ।
नशे के विरूद्ध कैंट थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक कुशल पाल, सउनि बालकृष्ण जाटव, आरक्षक सूर्यभान जाट, आरक्षक धर्मेन्द्र रघुवंशी, आरक्षक देवेन्द्र रघुवंशी, आरक्षक शुभम रघुवंशी एवं आरक्षक महेन्द्र वर्मा का विशेष योगदान रहा है ।
