खरगोन जिले से न्यूज़ रिपोर्टर अजीज सूफी
थाना कसरावद जिला खरगोन "SAFE CLICK-2026" 2.0 अभियान के अंतिम दिवस कसरावद पुलिस ने ग्रामीण विद्यालयों एवं बैंकों में चलाया व्यापक साइबर जागरूकता अभियान
थाना क्षेत्र के अधिकतम ग्रामीण अंचल के शासकीय विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, एक्सिस बैंक सहित विभिन्न सहकारी बैंकों में ग्राहकों एवं बैंक कर्मचारियों को ऑनलाइन ठगी से बचाव की दी जानकारी
15 दिवसीय "SAFE CLICK-2026" 2.0 अभियान का समापन जनभागीदारी एवं व्यापक साइबर जागरूकता के साथ हुआ
पुलिस मुख्यालय भोपाल, पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा जी , पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन (ग्रामीण) श्री अनुराग जी, पुलिस अधीक्षक खरगोन श्री रविन्द्र वर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती शकुंतला रुहल के निर्देशन में संचालित राज्यव्यापी "SAFE CLICK-2026" 2.0 साइबर सुरक्षा अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 08 जुलाई 2026 को अभियान के अंतिम दिवस थाना कसरावद पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में व्यापक स्तर पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के समापन दिवस पर पुलिस दलों ने ग्रामीण अंचलों के अधिक से अधिक शासकीय विद्यालयों एवं थाना क्षेत्र की विभिन्न बैंकों में पहुंचकर विद्यार्थियों, शिक्षकों, बैंक कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
संपूर्ण कार्यक्रम थाना प्रभारी कसरावद निरीक्षक राजेन्द्र बर्मन के नेतृत्व में संपन्न हुआ। अभियान के तहत थाना कसरावद के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभिन्न टीमों ने थाना क्षेत्र के ग्रामीण अंचल के अनेक शासकीय विद्यालयों का भ्रमण कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग, साइबर बुलिंग, ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने सहित विभिन्न साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक किया। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि वर्तमान डिजिटल युग में सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है तथा वे स्वयं जागरूक होकर अपने परिवार एवं समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
इसी क्रम में थाना क्षेत्र स्थित भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, एक्सिस बैंक सहित विभिन्न सहकारी बैंकों में भी विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान बैंक में उपस्थित ग्राहकों एवं बैंक कर्मचारियों को फर्जी कॉल, केवाईसी अपडेट, निवेश, लोन, क्रेडिट कार्ड, लॉटरी, कस्टमर केयर, यूपीआई एवं क्यूआर कोड स्कैन के माध्यम से होने वाली ऑनलाइन धोखाधड़ी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
कार्यक्रम के दौरान सभी नागरिकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं बैंक कर्मचारियों को राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर बिना विलंब हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें अथवा पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
थाना कसरावद पुलिस द्वारा अभियान के समापन अवसर पर सभी नागरिकों से अपील की गई कि साइबर सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। जागरूकता, सतर्कता एवं समय पर शिकायत ही साइबर अपराधों की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है। सभी नागरिक स्वयं सुरक्षित रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण में सहयोग करें।
सराहनीय कार्य – उक्त कार्यक्रम अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मण्डलेश्वर श्रीमती श्वेता शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कसरावद निरीक्षक राजेन्द्र बर्मन के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें थाना कसरावद के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए "SAFE CLICK-2026" 2.0 साइबर जागरूकता अभियान के अंतिम दिवस को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
