जारावंडी क्षेत्र के वडसा कला गांव में बाघ का आतंक, बैल का किया शिकार

एटापल्ली  तहसील रिपोर्ट प्रणित पेदपल्लीवर  

जारावंडी क्षेत्र के वडसा कला गांव में बाघ का आतंक, बैल का किया शिकार

ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने जारी की सतर्कता की अपील

एटापल्ली (गढ़चिरौली): एटापल्ली तहसील के जारावंडी क्षेत्र अंतर्गत वडसा कला गांव में पहली बार बाघ की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जंगल से सटे क्षेत्र में बाघ ने एक बैल का शिकार कर दिया, जिससे पूरे गांव में भय का वातावरण व्याप्त हो गया है।


घटनास्थल पर बाघ के ताजा और बड़े पंजों के निशान स्पष्ट रूप से मिले हैं। कुछ दूरी पर बैल का शव बरामद हुआ, जिसके शरीर पर बाघ के हमले के स्पष्ट निशान पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इसकी जानकारी वन विभाग को दी गई।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, हाल के दिनों में क्षेत्र में बाघ की गतिविधियां बढ़ने की आशंका जताई जा रही थी। इस घटना के बाद पशुपालकों और किसानों में अपने मवेशियों तथा परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि सुबह-शाम जंगल की ओर अकेले न जाएं, रात में बाहर निकलते समय टॉर्च का उपयोग करें, मवेशियों को जंगल के समीप खुले में न छोड़ें तथा बाघ दिखाई देने पर उसके पास जाने या फोटो लेने का प्रयास न करें। किसी भी वन्यजीव की गतिविधि की जानकारी तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें।

फिलहाल वडसा कला और आसपास के गांवों में ग्रामीण पूरी तरह सतर्क हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

संवाददाता : प्रणित पेदपल्लीवर. 



Post a Comment

Previous Post Next Post

Also Read