अजीज सूफी
कसरावद
पुलिस मुख्यालय भोपाल, पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन (ग्रामीण) श्री अनुराग जी, पुलिस अधीक्षक खरगोन श्री रविन्द्र वर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती शकुंतला रुहल के निर्देशन में संचालित राज्यव्यापी "SAFE CLICK-2026" 2.0 साइबर सुरक्षा अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 29 जून 2026 को थाना कसरावद पुलिस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कसरावद में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सम्पूर्ण कार्यक्रम थाना प्रभारी कसरावद निरीक्षक राजेन्द्र बर्मन के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्य कर्मचारियों तथा उपचार हेतु आए आम नागरिकों को डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों एवं उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी प्रदान की गई।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, यूपीआई फ्रॉड, फर्जी कॉल एवं मैसेज, सोशल मीडिया हैकिंग, क्यूआर कोड स्कैम, निवेश एवं नौकरी के नाम पर होने वाली ठगी, ओटीपी शेयर करने के जोखिम तथा फर्जी लिंक पर क्लिक करने से होने वाले नुकसान के संबंध में विस्तारपूर्वक समझाया गया। साथ ही बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासवर्ड, ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक से सतर्क रहें।
कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा संबंधी पोस्टर एवं जागरूकता सामग्री प्रदर्शित कर उपस्थित लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल [www.cybercrime.gov.in](http://www.cybercrime.gov.in) के संबंध में जानकारी देते हुए किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।
थाना कसरावद पुलिस ने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करें, अपने परिवार एवं परिचितों को भी डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के लिए जागरूक करें तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग प्रदान करें।
सराहनीय कार्य – उक्त कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मण्डलेश्वर श्रीमान श्वेता शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कसरावद निरीक्षक राजेन्द्र बर्मन के नेतृत्व में उनि अजय भाटिया, सउनि शत्रुघ्न देशमुख, प्रआर.185 राजेन्द्र चौहान, आर.760 हरिओम कौशिक एवं आर.751 रुगनाथ का विशेष योगदान रहा।
