साय सरकार में अधिकारी राज चल रहा, सरकार हर मोर्चे पर विफल – अकरम कुरैशी

प्रशांत सिन्हा ब्यूरो चीफ


भानुप्रतापपुर

        जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के पूर्व सचिव एवं जोन कांग्रेस कमेटी कोरर के पूर्व अध्यक्ष अकरम कुरैशी ने छत्तीसगढ़ की साय सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में साय सरकार के बजाय अधिकारियों का राज चल रहा है और सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।

कुरैशी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधियों की बात तक नहीं सुनी जा रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधि भी कई बार सार्वजनिक मंचों पर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जता चुके हैं। इसके बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार देखने को नहीं मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि अधिकारी मनमानी कर रहे हैं, जिससे आम जनता परेशान है। सरपंचों और जनपद सदस्यों के कार्य समय पर नहीं हो रहे हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। भानुप्रतापपुर जनपद सहित कई क्षेत्रों में जनता की समस्याओं का निराकरण नहीं हो पा रहा है।

अकरम कुरैशी ने कहा कि प्रदेश में रोजगार की स्थिति चिंताजनक है। बेरोजगार युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं। वहीं किसानों को खाद, डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे खेती-किसानी की लागत बढ़ गई है।

उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई सरकारी स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। भवन, शौचालय और शिक्षकों की कमी जैसी समस्याएं अब भी बनी हुई हैं। सरकार के बड़े-बड़े दावों के बावजूद जमीनी स्तर पर हालात बेहतर नहीं हुए हैं।

कुरैशी ने कहा कि जनता अब सरकार की कार्यशैली को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी। उन्होंने सरकार से जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से कार्य करने तथा प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार लाने की मांग की।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Also Read