खाद संकट को लेकर किसानों का महाआंदोलन 1 जून को ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ अशोकनगर पहुंचने की अपील

दिनेश कुमार सेन 

 अशोकनगर

        अशोकनगर। जिले में खाद की भारी किल्लत और ई-टोकन व्यवस्था की अव्यवस्थाओं से परेशान किसानों में अब आक्रोश बढ़ता जा रहा है। भीषण गर्मी और कड़कती धूप में घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पा रही है, जिससे बुवाई का कार्य प्रभावित हो रहा है।

किसानों का आरोप है कि सरकारी लापरवाही और भ्रष्टाचार के चलते खाद बाजार से गायब हो रही है। कई किसान खाद के लिए एक केंद्र से दूसरे केंद्र तक भटकने को मजबूर हैं। ऐसे हालातों को देखते हुए किसान महासंघ ने आंदोलन का ऐलान किया है।


किसान नेताओं ने जिलेभर के किसानों से 1 जून 2026 को सुबह 7 बजे राजमाता चौराहा, अशोकनगर पहुंचने की अपील की है। किसानों से कहा गया है कि यदि वे किसानों की आवाज उठाना चाहते हैं तो अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ आंदोलन में शामिल हों।

किसान महासंघ का कहना है कि यह आंदोलन किसानों के अधिकार और सम्मान की लड़ाई है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते खाद की व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

किसानों ने अधिक से अधिक लोगों से इस संदेश को साझा कर आंदोलन में भाग लेने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Also Read