खरगोन जिले से संवाददाता अजीज सूफी
खरगोन/ हरित क्रांति के अग्रदूत एवं जननायक स्व. श्री सुभाष यादव के 80वें जन्मोत्सव के अवसर पर ग्राम बोरावां (कसरावद) में बुधवार, 01 अप्रैल 2026 को ‘भक्ति दिवस’ के रूप में श्रद्धा एवं भक्ति भाव से मनाया जाएगा। जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन सहभागी बनेंगे।
कार्यक्रम के अंतर्गत भक्ति संगीत, भजन-कीर्तन एवं संगीतमय सुंदरकाण्ड पाठ का आयोजन मारूति रामायण मंडल, खरगोन द्वारा किया जाएगा। यह आयोजन गुलाबबाई यादव स्मृति शिक्षा महाविद्यालय के समीप आयोजित होगा, जहां स्व. सुभाष यादव को पुष्पांजलि अर्पित कर भक्तिमय आदरांजलि दी जाएगी।
स्व. सुभाष यादव के ज्येष्ठ सुपुत्र, पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री अरूण यादव एवं मध्यप्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री तथा कसरावद विधायक सचिन यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बाबूजी का जन्मोत्सव ‘भक्ति दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर भक्ति गीत-संगीत के साथ पितृ पूजन का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे नई पीढ़ी को संस्कार एवं परंपराओं से जोड़ने का संदेश दिया जा सके।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। साथ ही स्व. सुभाष यादव द्वारा स्थापित सभी शैक्षणिक संस्थाओं में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी सोच और समर्पण को प्रतिबिंबित करेगा।
कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं एवं उपस्थितजनों के लिए महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।
यह आयोजन न केवल स्व. सुभाष यादव के जीवन, विचारों और समाजसेवा को स्मरण करने का अवसर होगा, बल्कि उनके द्वारा स्थापित मूल्यों - कृषि विकास, शिक्षा और समाज कल्याण को आगे बढ़ाने का संकल्प भी देगा।
