सूने मकान में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, करीब ₹3.50 लाख की चोरी की संपत्ति बरामद

कोरर। थाना कोरर पुलिस एवं साइबर सेल कांकेर की संयुक्त टीम ने सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की संपत्ति शत-प्रतिशत बरामद करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से सोने के आभूषण, दो मोबाइल फोन एवं गैस सिलेंडर सहित करीब ₹3.52 लाख की चोरी की संपत्ति बरामद की गई है। वहीं, अपराध में प्रयुक्त करीब ₹1.40 लाख कीमत की होंडा स्कूटी भी पुलिस ने जब्त की है।

पुलिस के अनुसार ग्राम कुर्री निवासी रूपेश कुमार मौहान 8 अगस्त को अपने परिवार के साथ मकान में ताला लगाकर निजी कार्य से रायपुर गए थे। 9 अगस्त की शाम वापस लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर सामान अस्त-व्यस्त था। जांच करने पर करीब 23 ग्राम सोने के आभूषण, इंडेन गैस सिलेंडर और लगभग ₹50 हजार नगद चोरी होना पाया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोरर में अपराध क्रमांक 80/2026 के तहत धारा 305(1), 331(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर श्री मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में थाना कोरर और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया तथा तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर भारत पटेल एवं बल्लभ भाई पटेल उर्फ राजू, निवासी शीतलापारा नारायणपुर, पर संदेह किया। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी की वारदात करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की पूरी संपत्ति बरामद की गई।

बरामद संपत्ति में करीब 22 ग्राम सोने के आभूषण—झुमका, रानी हार एवं कान का लटकन—की अनुमानित कीमत ₹3 लाख, चोरी की रकम से खरीदे गए एक आईफोन एवं एक एंड्रॉयड मोबाइल की अनुमानित कीमत ₹50 हजार तथा एक इंडेन गैस सिलेंडर शामिल है। इसके अलावा अपराध में प्रयुक्त होंडा स्कूटी भी जब्त की गई है। दोनों आरोपियों को 16 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में भारत पटेल पिता जयसिंह पटेल तथा बल्लभ भाई पटेल उर्फ राजू पिता स्व. ओमप्रकाश पटेल, दोनों निवासी शीतलापारा नारायणपुर, थाना भानुप्रतापपुर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों में से एक पूर्व में भी चोरी की घटना को अंजाम दे चुका है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी नरेन्द्र कुमार मिश्रा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक ऋषभ बाजपेयी, सउनि छत्रपाल सिंह साहू सहित थाना कोरर के पुलिसकर्मियों तथा साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र साहू एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कांकेर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि घर को खाली छोड़ते समय दरवाजे और खिड़कियों को अच्छी तरह लॉक रखें, विश्वसनीय पड़ोसियों को इसकी जानकारी दें तथा सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों का उपयोग करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Also Read