शांतनु कुलदीप
दल्लीराजहरा
वार्ड क्रमांक 2 आजाद नगर के चट्टा दफाई क्षेत्र में पिछले 15 दिनों से फैली भालू की दहशत अब खत्म हो गई है। पार्षद पूनम सोमेश जायसवाल ने अपनी निधि से भालुओं के आने वाले रास्तों पर 10 फ्लड लाइट लगवा दी हैं। रोशनी होते ही पिछले 2-3 दिन से भालुओं ने इलाके में आना बंद कर दिया है।
शाम होते ही शुरू हो जाता था खौफ का साया
जंगल से सटे इस इलाके में दो ग्रुप में भालू घूमते थे - एक में दो और दूसरे में अकेला। पानी और भोजन की तलाश में ये कभी शिकारी बाबा तालाब तो कभी सीधे वार्ड में घुस आते थे। आने का कोई समय तय नहीं था, शाम 4 बजे भी धमक जाते थे। गर्मी में बाड़ी में सोने वाले परिवार डर के मारे घरों में कैद हो गए थे।
वन विभाग ने बास-नेट लगाया, पार्षद ने रोशनी की
समस्या बढ़ने पर पार्षद पूनम सोमेश जायसवाल ने भाजपा जिला महामंत्री सौरभ लूनिया से संपर्क किया। लूनिया के कहने पर वन विभाग, बीएससी प्रशासन और छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल से मदद मांगी गई। वन विभाग ने 1 किमी तक बल्ली-बास बांधकर गार्डन नेट लगाया, मगर अंधेरे की वजह से भालू दूसरे रास्ते से आते रहे। इसके बाद पार्षद ने तुरंत अपनी निधि से 10 फ्लड लाइट लगवाईं।
वार्डवासी बोले - मार्गदर्शन से मिली मुक्ति, पर बिजली पोल अब भी इंतजार में
भाजपा नेता एवं वार्डवासी सोमेश जायसवाल ने बताया - गर्मी में लोग बाड़ी में सोते हैं, पर भालू के डर से अंदर सोना पड़ रहा था। अब लाइट लगने से डर खत्म हुआ है। सौरभ लूनिया जी के मार्गदर्शन से राहत मिली, उनका धन्यवाद।
उन्होंने आगे कहा - 1 साल पहले छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल से प्रभावित क्षेत्रों में बिजली पोल लगाकर विद्युतीकरण की अपील की थी, जो अब तक नहीं हुआ। अगर बिजली विभाग सहयोग करे तो समस्या जड़ से खत्म हो जाएगी। ये जंगल से लगा क्षेत्र है, पिछले साल यहां तेंदुआ भी आ चुका है।
