अजीज सूफी
खरगोन
कसरावद विधानसभा क्षेत्र सहित खरगोन जिले के किसानों एवं ग्रामीण उपभोक्ताओं द्वारा लगातार यह शिकायत प्राप्त हो रही है कि कृषि कार्य हेतु निर्धारित विद्युत आपूर्ति पर्याप्त एवं नियमित रूप से नहीं मिल पा रही है। किसानों को तय समयानुसार 10 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध नहीं होने, कम वोल्टेज तथा बार-बार बिजली बंद एवं चालू होने की समस्या के कारण सिंचाई कार्य गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है।
वर्तमान समय में फसलों की सिंचाई का महत्वपूर्ण दौर चल रहा है। ऐसे में किसानों के लिए नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति अत्यंत आवश्यक है, किंतु लगातार ट्रिपिंग एवं वोल्टेज में उतार-चढ़ाव के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर बिजली की अनियमित आपूर्ति से किसानों के पंप, मोटर एवं घरेलू विद्युत उपकरण खराब हो रहे हैं, जिससे किसानों एवं ग्रामीण उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
मप्र के पूर्व कृषि मंत्री एवं कसरावद विधायक सचिन यादव ने अपने पत्र के माध्यम से विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि किसानों को निर्धारित समयानुसार कम से कम 10 घंटे निर्बाध एवं पर्याप्त वोल्टेज के साथ विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बार-बार हो रही ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज एवं अन्य तकनीकी समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर विद्युत व्यवस्था को सुचारू बनाया जाए।
अपने पत्र में श्री यादव ने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाना आवश्यक है। सिंचाई के इस महत्वपूर्ण समय में यदि किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिलेगी तो फसलों पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
विधायक श्री यादव ने विद्युत विभाग से मांग की है कि किसानों एवं ग्रामीण उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि किसानों को सिंचाई कार्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े तथा आमजन को भी राहत मिल सके।
